गाजियाबाद: लोनी के भाजपा विधायक नंदकिशोर गुर्जर को पाकिस्तानी नंबर से मिली बम से उड़ाने की धमकी
वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके पर बयान देने के बाद लोनी विधायक को फोन पर निशाना बनाने की चेतावनी दी गई।
गाजियाबाद की लोनी विधानसभा सीट से भारतीय जनता पार्टी के विधायक नंदकिशोर गुर्जर को कथित तौर पर एक पाकिस्तानी नंबर से फोन कर बम से उड़ाने की धमकी दी गई है। विधायक के अनुसार, फोन करने वाले ने हाल ही में गाजियाबाद की वसुंधरा पुलिस चौकी में हुए धमाके का हवाला देते हुए कहा कि अब अगला निशाना वही होंगे।
यह धमकी विधायक द्वारा वसुंधरा चौकी में हुए विस्फोट को लेकर दिए गए बयान के बाद सामने आई है। विधायक ने घटना के बाद कहा था कि प्रशासन उपद्रवियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करेगा और जरूरत पड़ने पर सीमा पार भी जवाब दिया जाएगा। इस बयान के बाद शनिवार को उन्हें धमकी भरी कॉल आई, जिसके बाद पुलिस ने मामले की पड़ताल शुरू कर दी है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार कॉल करने वाले व्यक्ति की पहचान और लोकेशन का पता लगाने के लिए तकनीकी जांच की जा रही है। इससे पहले 28 अगस्त को भी विधायक को फोन पर गालियां देते हुए घर में घुसकर जान से मारने और बम से उड़ाने की धमकी दी गई थी। उस घटना के संबंध में विधायक के सहयोगी अनुराग की शिकायत पर लोनी थाने में अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई थी।
लोनी विधायक को इस वर्ष मार्च माह में भी पाकिस्तान के पेशावर से व्हाट्सऐप कॉल के माध्यम से धमकी मिली थी। उस दौरान कॉलर ने गाजियाबाद में यूट्यूबर सलीम वास्तिक पर हमला करने वाले दो सगे भाइयों की पुलिस मुठभेड़ में हुई मौत का संदर्भ देते हुए विधायक को अंजाम भुगतने की चेतावनी दी थी।
लगातार मिल रही धमकियों को देखते हुए विधायक के आवास और कार्यालय पर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है। विधायक को उत्तर प्रदेश पुलिस के चार सुरक्षाकर्मी मिले हुए हैं जो चौबीसों घंटे तैनात रहते हैं, साथ ही उनके आवास और कार्यालय पर आने-जाने वाले लोगों की सघन तलाशी और कैमरों से निगरानी की जाती है।
लेखक



टिप्पणियाँ
0