गाजियाबाद पुलिस का 50 हजार का इनामी शूटर नसीम दुर्रानी मुठभेड़ में ढेर
दिल्ली में युवक की हत्या और गाजियाबाद में दर्ज जानलेवा हमले के मामले में फरार 50 हजार के इनामी नसीम दुर्रानी को एसटीएफ ने मार गिराया।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो:
उत्तर प्रदेश एसटीएफ ने गाजियाबाद पुलिस की ओर से 50 हजार रुपये के इनामी शूटर नसीम दुर्रानी (37) को बुलंदशहर में एक मुठभेड़ के दौरान मार गिराया है। पुलिस के मुताबिक, नसीम दिल्ली में मंत्री कपिल मिश्रा के कार्यालय के बाहर 16 नवंबर को हुई युवक की हत्या सहित कई संगीन मामलों में वांछित था। बुधवार देर रात करीब एक बजे सिकंदराबाद थाना क्षेत्र में हुई इस मुठभेड़ में दोनों तरफ से 15 से 20 राउंड गोलियां चलीं।
नोएडा एसटीएफ के एडिशनल एसपी राजकुमार मिश्रा ने बताया कि एसटीएफ और दिल्ली पुलिस को नसीम के बुलंदशहर में छिपे होने और वहां से भागने की सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने जब बाइक सवार नसीम की घेराबंदी की, तो उसने पुलिस पर गोलियां बरसानी शुरू कर दीं। जवाबी कार्रवाई में नसीम के सीने में दो गोलियां लगीं और वह घायल होकर गिर पड़ा, जिसके बाद अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
पुलिस ने मौके से एक मोटरसाइकिल और .32 बोर की दो पिस्टल बरामद की हैं। अधिकारियों के अनुसार, नसीम ने गाजियाबाद के लोनी इलाके में एक महिला पर गोली चलाई थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गई थी। इसी मामले में गाजियाबाद पुलिस ने नसीम पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर रखा था।
नसीम ने 16 नवंबर को दिल्ली के खजूरी खास थाना क्षेत्र के सोनिया विहार में समीर नाम के युवक की गोली मारकर हत्या कर दी थी। पुलिस की जांच में घटनास्थल के सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक साक्ष्यों के विश्लेषण के बाद नसीम को मुख्य आरोपी पाया गया था। इसके अलावा वह खजूरी खास में ही राजा मेवाती नामक व्यक्ति की हत्या में भी मुख्य शूटर के रूप में नामजद था।
दिल्ली के न्यू मुस्तफाबाद निवासी नसीम उर्फ रिजवान के खिलाफ दिल्ली और उत्तर प्रदेश में हत्या, लूट और आर्म्स एक्ट के 26 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज थे। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, वह अंडरवर्ल्ड डॉन छोटा शकील के संपर्क में भी रहा था और 2017 में उसे तिहाड़ जेल में बंद छोटा राजन की हत्या की सुपारी दी गई थी, साथ ही उस पर लेखक तारिक फतेह की हत्या की साजिश रचने का भी आरोप था।
लेखक




टिप्पणियाँ
0