रोहतक के दिग्गज नेता और पूर्व सीएम भूपेंद्र हुड्डा दिल्ली एम्स में भर्ती, चक्कर आने के बाद कराए गए टेस्ट
चक्कर आने की शिकायत के बाद हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा को दिल्ली एम्स में भर्ती कराया गया, जहां उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री और रोहतक के कद्दावर कांग्रेस नेता भूपेंद्र सिंह हुड्डा को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी के चलते दिल्ली स्थित अखिल भारतीय आयुर्विज्ञान संस्थान (एम्स) में भर्ती कराया गया है। 79 वर्षीय हुड्डा को उनके दिल्ली आवास पर अचानक चक्कर आने की शिकायत हुई थी। इसके बाद परिजन उन्हें तुरंत अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उन्हें अपनी निगरानी में ले लिया।
अस्पताल में चिकित्सकों का दल पूर्व मुख्यमंत्री की सेहत पर नजर रखे हुए है। डॉक्टरों द्वारा उनका एमआरआई स्कैन समेत अन्य आवश्यक मेडिकल टेस्ट कराए गए हैं। फिलहाल मेडिकल टेस्ट की अंतिम रिपोर्ट आने का इंतजार किया जा रहा है।
हुड्डा के निजी सहायक वीपी धारीवाल ने बताया कि पूर्व मुख्यमंत्री की तबीयत में अब सुधार है और वह पूरी तरह ठीक हैं। पारिवारिक सूत्रों के अनुसार, अस्पताल में उनका नियमित स्वास्थ्य परीक्षण भी किया जा रहा है। डॉक्टरों की टीम उन्हें कब तक निगरानी में रखेगी, इस पर अभी कोई औपचारिक निर्णय नहीं हुआ है।
गौरतलब है कि सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में कांग्रेस के प्रदर्शन का आयोजन किया गया था। भूपेंद्र सिंह हुड्डा इस विरोध प्रदर्शन में शामिल नहीं हुए थे, जबकि उनके सांसद बेटे दीपेंद्र हुड्डा ने कार्यक्रम में हिस्सा लिया था।
पूर्व मुख्यमंत्री को पूर्व में भी स्वास्थ्य समस्याओं के चलते अस्पताल में भर्ती होना पड़ा था। फरवरी 2023 में हाई ब्लड प्रेशर और सर्वाइकल की शिकायत के बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल ले जाया गया था। इसके अलावा अप्रैल 2021 में वह और उनकी पत्नी आशा हुड्डा कोरोना संक्रमित पाए जाने के बाद मेदांता में ही उपचाराधीन रहे थे।
लेखक


टिप्पणियाँ
0