गुरुग्राम में 15 MLD पानी की मंजूरी पर भाजपा में सियासी घमासान, राव इंद्रजीत और राव नरबीर खेमे में श्रेय की होड़
गुरुग्राम और मानेसर क्षेत्र के 6 गांवों के लिए 15 एमएलडी पेयजल की मंजूरी मिलते ही भाजपा नेताओं के बीच श्रेय लेने की रार छिड़ गई है।
दिल्ली दर्पण ब्यूरो:
गुरुग्राम और मानेसर समेत आसपास के छह गांवों में पेयजल संकट के समाधान के लिए 15 एमएलडी नहरी पानी की मंजूरी दी गई है। हालांकि, धरातल पर पानी की आपूर्ति शुरू होने से पहले ही इस फैसले को लेकर भारतीय जनता पार्टी के भीतर राजनीतिक घमासान शुरू हो गया है। केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह और हरियाणा के कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के समर्थक इस प्रशासनिक मंजूरी का श्रेय अपने-अपने नेताओं को देने में लगे हैं।
इस योजना के तहत मानेसर, बास कुशला, बास हरिया, धाना, कासन और खोह गांवों में पेयजल की किल्लत दूर की जानी है। इन सभी ग्रामीण इलाकों में गुरुग्राम मेट्रोपॉलिटन डेवलपमेंट अथॉरिटी (जीएमडीए) के जरिए पानी उपलब्ध कराया जाएगा। प्रशासनिक मंजूरी मिलते ही स्थानीय राजनीति में बयानों का दौर तेज हो गया है।
विवाद की शुरुआत मानेसर नगर निगम के सीनियर डिप्टी मेयर प्रवीण कुमार के बयान के साथ हुई। प्रवीण कुमार ने दावा किया कि क्षेत्र की गंभीर पेयजल समस्या को देखते हुए कैबिनेट मंत्री राव नरबीर सिंह के प्रयासों से यह 15 एमएलडी पानी मंजूर हुआ है। इस बयान के बाद नरबीर सिंह के समर्थकों ने इसे अपने नेता की बड़ी उपलब्धि के रूप में प्रचारित करना शुरू कर दिया।
सीनियर डिप्टी मेयर के इस दावे पर आरती राव ने पलटवार करते हुए दूसरे पक्ष के दावों को पूरी तरह खारिज कर दिया। उन्होंने कहा कि 15 एमएलडी पानी की मंजूरी का पूरा श्रेय केंद्रीय मंत्री राव इंद्रजीत सिंह को जाता है। आरती राव के अनुसार, क्षेत्रवासियों को यह राहत राव इंद्रजीत सिंह के लगातार प्रयासों और सक्रिय हस्तक्षेप के बाद ही मिल सकी है।
आरती राव ने यह भी दावा किया कि उनके पास इस बात के पुख्ता कागजी सबूत मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि क्षेत्र के लिए नहरी पानी की मांग उठाते हुए पहला पत्र राव इंद्रजीत सिंह ने ही लिखा था। इसके बाद शुरुआत से लेकर अंतिम समय तक उन्होंने संबंधित मंचों पर लगातार पैरवी की, जिसके परिणामस्वरूप आज यह मंजूरी संभव हो पाई है।
दोनों नेताओं के खेमों से आए बयानों के बाद इलाके की राजनीति में जुबानी जंग और तेज हो गई है। वहीं दूसरी तरफ, छह गांवों के निवासियों का कहना है कि उन्हें नेताओं के बीच चल रही श्रेय की इस लड़ाई से कोई सरोकार नहीं है। ग्रामीणों के अनुसार, उनकी मुख्य चिंता सिर्फ यह है कि उनके घरों की टोटियों में जल्द से जल्द पानी की आपूर्ति शुरू हो।
लेखक




टिप्पणियाँ
0