रूस के साइबेरिया में सैन्य ट्रांसपोर्ट विमान दुर्घटनाग्रस्त, सवार सभी 19 लोगों की मौत
दक्षिण-पश्चिमी साइबेरिया में हवा में आग लगने के बाद सैन्य मालवाहक विमान क्रैश हो गया, जिसमें सभी 19 सवारों की मौत हो गई।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो:
रूस के दक्षिण-पश्चिमी साइबेरियाई क्षेत्र में मंगलवार को एक बड़ा विमान हादसा हुआ। एक सैन्य ट्रांसपोर्ट विमान के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से उस पर सवार सभी 19 लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।
स्थानीय प्रशासन ने इस घटना की आधिकारिक पुष्टि की है। केमेरोवो क्षेत्र के गवर्नर इल्या सेरेद्यूक के अनुसार, यह विमान यागुनोवो गांव के पास आकर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। घटना की सूचना मिलते ही संबंधित विभागों को अलर्ट किया गया।
रूसी रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि शुरुआती रिपोर्टों के मुताबिक विमान के उपकरण फेल होने के कारण यह हादसा हुआ। हालांकि, विमान किस परिस्थिति में और किन तकनीकी खामियों के चलते गिरा, इसकी विस्तृत जांच की जा रही है।
रूसी मीडिया संस्थान 'इजवेस्टिया' की रिपोर्ट के मुताबिक, यह एक ट्रांसपोर्ट विमान था जो सीधा नीचे की ओर गिरा। जमीन पर आने से पहले ही हवा में इसमें आग लग गई थी, जिससे विमान को संभलने का कोई अवसर नहीं मिल सका।
रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि दुर्घटनाग्रस्त एयरक्राफ्ट An-12 था, जो चार इंजन वाला सैन्य मालवाहक विमान है। सोवियत संघ के दौर में यूक्रेन की एंटोनोव कंपनी द्वारा विकसित यह विमान 1950 के दशक के अंत से परिचालन में रहा है।
इस मॉडल का निर्माण 1970 के दशक की शुरुआत में ही बंद कर दिया गया था, हालांकि कई विमान अब भी सेवा में बने हुए हैं। इनका उपयोग मुख्य रूप से सैनिकों, हथियारों और रसद के परिवहन के साथ-साथ प्राकृतिक आपदाओं में राहत सामग्री पहुंचाने के लिए किया जाता रहा है।
लेखक




टिप्पणियाँ
0