छठ पूजा के बाद दिल्ली के घाटों पर एमसीडी का बड़ा सफाई अभियान, 12 जोनों में विशेष टीमें तैनात
कृत्रिम तालाबों से पानी निकालने और कचरा हटाने के लिए एमसीडी ने झोंकी ताकत, मच्छरों के पनपने की रोकथाम पर विशेष जोर।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो :
छठ महापर्व के संपन्न होते ही दिल्ली नगर निगम (एमसीडी) ने राजधानी के सभी घाटों पर व्यापक सफाई अभियान तेज कर दिया है। निगम प्रशासन ने अपने सभी 12 जोनों में विशेष टीमों को तैनात किया है। यह टीमें घाटों से कचरा एकत्र करने, टेंट और अस्थायी ढांचों को हटाने के साथ-साथ कृत्रिम घाटों से पानी निकालने के काम में जुटी हुई हैं।
निगम का मुख्य उद्देश्य कृत्रिम घाटों में जमा पानी को तुरंत निकालना है ताकि जलभराव की स्थिति न बने और मच्छरों के पनपने की आशंका को पूरी तरह खत्म किया जा सके। निगम आयुक्त संजीव खिरवार ने सभी जोनल उपायुक्तों को सुबह और शाम के अर्घ्य के तत्काल बाद स्वच्छता सुनिश्चित करने के कड़े निर्देश दिए थे। उन्होंने स्पष्ट किया है कि पूजा संपन्न होने के बाद भी यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
सफाई व्यवस्था को सुचारू बनाने के लिए विभिन्न जोनों में अलग-अलग इंतजाम किए गए हैं। पूर्वी जोन में कचरे को अलग-अलग श्रेणी में एकत्र करने के लिए ट्विन-बिन ई-रिक्शा लगाए गए हैं। यहां स्वच्छता कर्मियों की तैनाती तीन पालियों में की गई है, जबकि हवा में उड़ती धूल की रोकथाम के लिए पानी के टैंकरों और स्प्रिंकलर मशीनों का इस्तेमाल किया जा रहा है।
दक्षिणी जोन में भी बड़े पैमाने पर संसाधन झोंके गए हैं। अधिकारियों के अनुसार, इस जोन के 23 वार्डों में सफाई व्यवस्था संभालने के लिए 150 अतिरिक्त सफाई कर्मचारी और 23 टिप्पर लगाए गए हैं। इन संसाधनों की मदद से घाटों और आसपास के इलाकों से त्वरित गति से कचरा उठाया जा रहा है।
पश्चिमी जोन में भी अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती से घाटों की सफाई की जा रही है और आयोजकों के सहयोग से पूजा के लिए बनाए गए अस्थायी ढांचे हटाए जा रहे हैं। इसके अलावा सेंट्रल, सेंट्रल नॉर्थ और पुरानी दिल्ली सहित अन्य क्षेत्रों में वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं घाटों का दौरा कर सफाई कार्यों का जायजा लिया।
निगम आयुक्त ने सभी जोनल अधिकारियों को निर्देश दिया है कि जब तक सभी घाट और उनसे जुड़े मार्ग पूरी तरह साफ नहीं हो जाते, तब तक यह अभियान प्राथमिकता के आधार पर जारी रहेगा। निगम प्रशासन पूरे शहर के पूजा स्थलों को जल्द से जल्द सामान्य स्थिति में लाने का प्रयास कर रहा है।
लेखक




टिप्पणियाँ
0