दिल्ली में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के घर पहुंचे चेन्नई के युवक की पिटाई से मौत, दो गिरफ्तार
पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से मिलने पहुंचे चेन्नई के युवक की परिजनों और पड़ोसियों द्वारा मारपीट के बाद मौत हो गई।

दिल्ली दर्पण ब्यूरो:
पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में एक सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर से मिलने पहुंचे चेन्नई के एक युवक की कथित तौर पर पिटाई के बाद इलाज के दौरान मौत हो गई। महिला के घर में प्रवेश करने को लेकर हुए विवाद के बाद परिजनों और पड़ोसियों पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप है। पुलिस ने इस मामले में महिला के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस जांच के अनुसार, चेन्नई की एक निजी कंपनी में कार्यरत यह युवक सोशल मीडिया के जरिए महिला के संपर्क में आया था। वह नियमित रूप से महिला के वीडियो लाइक करता था और कथित तौर पर उसके प्रति एकतरफा लगाव रखने लगा था। इसी के चलते वह चेन्नई से दिल्ली आकर महिला के घर पहुंचा था। बताया गया है कि उक्त महिला के विभिन्न सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर 29 लाख से अधिक सब्सक्राइबर्स हैं।
यह घटना 7 नवंबर की है, जब युवक महिला के घर में प्रवेश करने की कोशिश कर रहा था। इस दौरान उसका सामना महिला के परिजनों से हुआ और दोनों पक्षों के बीच विवाद शुरू हो गया। पुलिस सूत्रों ने बताया कि महिला के पिता और कुछ पड़ोसियों ने उसे पकड़कर बुरी तरह पीटा, जिससे उसे गंभीर आंतरिक और बाहरी चोटें आईं।
गंभीर रूप से घायल युवक को शुरुआत में लाल बहादुर शास्त्री अस्पताल ले जाया गया था। वहां उसकी नाजुक हालत को देखते हुए डॉक्टरों ने उसे गुरु तेग बहादुर अस्पताल रेफर कर दिया। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर उसे बाद में एक अन्य अस्पताल में स्थानांतरित किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई।
युवक की मौत के बाद मधु विहार थाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई। इस कार्रवाई के तहत पुलिस ने महिला के पिता और एक पड़ोसी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।
पुलिस का कहना है कि जांच में महिला के भाई और कुछ अन्य पड़ोसियों की संलिप्तता की बात भी सामने आई है। पुलिस टीमें घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही हैं, ताकि मारपीट में शामिल शेष संदिग्धों की पहचान कर उनकी भूमिका तय की जा सके।
लेखक




टिप्पणियाँ
0