गुरुग्राम में रेलवे ट्रैक के पास झाड़ियों में मिला सड़ा-गला शव, जेब से मिली चाबियों से पहचान की कोशिश
बसई धनकोट रेलवे स्टेशन के पास करीब 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति का कई दिन पुराना शव मिलने से सनसनी फैल गई है।
गुरुग्राम में बसई धनकोट रेलवे स्टेशन और फ्लाईओवर के बीच खाली जमीन पर संदिग्ध परिस्थितियों में एक अज्ञात व्यक्ति का शव बरामद किया गया है। सूचना मिलने के बाद राजकीय रेलवे पुलिस (जीआरपी) और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। मृतक की उम्र करीब 45 वर्ष बताई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, कंट्रोल रूम को हेड कांस्टेबल पवन द्वारा टेलीफोन के जरिए शव पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके तुरंत बाद सब इंस्पेक्टर बाबूलाल अपनी टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। प्राथमिक जांच में शव करीब आठ से दस दिन पुराना प्रतीत हो रहा है।
लंबे समय तक खुले में पड़े रहने के कारण शव अत्यधिक सड़-गल चुका था और उसमें कीड़े लग चुके थे। स्थिति को देखते हुए पुलिस ने आसपास के इलाके को सील कर दिया। इसके बाद मोबाइल फोरेंसिक साइंस यूनिट की टीम को बुलाकर मौके से साक्ष्य जुटाए गए।
तलाशी के दौरान मृतक की जेब से एक बाइक और फ्लैट की दो चाबियां बरामद हुई हैं। इसके साथ ही घटनास्थल के पास से स्टील का एक छोटा गिलास भी मिला है। पुलिस इन चाबियों के आधार पर आसपास के क्षेत्रों और पार्किंग में खड़ी लावारिस बाइकों की तलाश कर रही है, जिससे मृतक की शिनाख्त हो सके।
जांच अधिकारी बाबूलाल ने बताया कि पुलिस ने बीएनएस की धारा 194 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। शव को पहचान और पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी में रखवाया गया है, जहां डॉक्टरों के एक विशेष बोर्ड द्वारा शव की जांच की जाएगी।
फिलहाल पुलिस आसपास के थानों में हाल ही में दर्ज हुई गुमशुदगी की शिकायतों का मिलान कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी कि यह हत्या, आत्महत्या या किसी हादसे का मामला है।
लेखक




टिप्पणियाँ
0