रोहतक में हेरोइन के साथ महिला तस्कर गिरफ्तार, घर के बाहर ग्राहकों का कर रही थी इंतजार
रोहतक के खोखराकोट इलाके में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो ने एक महिला को 5.96 ग्राम हेरोइन के साथ रंगे हाथों पकड़ा।

हरियाणा के रोहतक जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को एक सफलता मिली है। नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो की टीम ने रैनकपुरा खोखराकोट क्षेत्र में छापेमारी कर एक महिला नशा तस्कर को गिरफ्तार किया है। आरोपी महिला के कब्जे से 5.96 ग्राम हेरोइन बरामद की गई है।
एनसीबी यूनिट के प्रभारी इंस्पेक्टर उमेश कुमार के अनुसार, उन्हें गुप्त सूचना मिली थी कि रैनकपुरा खोखराकोट निवासी शीला अपने घर के बाहर नशीला पदार्थ बेचने की फिराक में खड़ी है। सूचना मिलते ही अधिकारियों की एक टीम गठित कर संबंधित स्थान पर भेजी गई। पुलिस टीम को अचानक सामने देखकर महिला ने मौके से भागने की कोशिश की, लेकिन मुस्तैद जवानों ने उसे कुछ ही दूरी पर दबोच लिया।
पकड़ी गई आरोपी महिला की तलाशी नियमों के मुताबिक ड्यूटी मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में ली गई। तलाशी के दौरान उसके बाएं हाथ में पकड़ी हुई एक सफेद रंग की पन्नी मिली, जिसकी जांच करने पर उसमें हेरोइन होने की पुष्टि हुई। महिला ने भी पूछताछ के दौरान इस नशीले पदार्थ के हेरोइन होने की बात स्वीकार की।
बरामद किए गए नशीले पदार्थ का जब इलेक्ट्रॉनिक कांटे से वजन कराया गया, तो उसकी कुल मात्रा 5.96 ग्राम निकली। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह मात्रा कानूनन इंटरमीडिएट क्वांटिटी की श्रेणी में आती है। इसके बाद आरोपी महिला को हिरासत में लेकर आगामी कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
इस मामले में आरोपी शीला के खिलाफ रोहतक के सिटी थाने में एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। एचएसएनसीबी यूनिट ने आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए आरोपी महिला और बरामद सामग्री को सिटी थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस अब महिला से यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि वह यह हेरोइन कहां से लाई थी और उसके इस नेटवर्क में कौन-कौन शामिल हैं।
लेखक



टिप्पणियाँ
0