सोनीपत में गोशाला के गड्ढे में भरे बारिश के पानी में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत
गन्नौर के शाहपुर तगा गांव में शेड निर्माण के लिए खोदे गए गड्ढे में नहाने उतरे थे दोनों मासूम, बड़ी थाना पुलिस जांच में जुटी।

सोनीपत के गन्नौर क्षेत्र स्थित गांव शाहपुर तगा में बारिश के पानी से भरे गड्ढे में डूबने से दो सगे भाइयों की मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा श्री 108 बाबा मोहनदास गोशाला परिसर में गुरुवार को हुआ। दोनों मासूम बच्चे खेलते-खेलते पानी से लबालब गड्ढे में उतर गए थे और गहराई अधिक होने के कारण बाहर नहीं निकल सके।
मृतकों की पहचान सात वर्षीय सागर और छह वर्षीय कार्तिक के रूप में हुई है। उनके पिता संदीप मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बिनौली गांव के रहने वाले हैं और गोशाला में गोवंश को चारा डालने का काम करते हैं। संदीप बुधवार को ही अपने परिवार को लेकर गोशाला पहुंचे थे और पूरा परिवार वहीं परिसर में रह रहा था।
जानकारी के मुताबिक गोशाला परिसर में शेड लगाने के लिए बुधवार को जेसीबी की मदद से करीब 12 गड्ढे खोदे गए थे। गुरुवार को इन गड्ढों में पिलर खड़े करने के लिए मिस्त्रियों को बुलाया गया था, लेकिन तेज बारिश के कारण काम रोक दिया गया। बारिश के चलते गोशाला परिसर में जगह-जगह जलभराव हो गया और खोदे गए गड्ढों में भी काफी पानी भर गया।
परिजनों के अनुसार दोनों बच्चे शाम करीब साढ़े चार बजे अचानक लापता हो गए थे। काफी देर तक जब वे दिखाई नहीं दिए तो परिवार ने गोशाला परिसर और आसपास के इलाके में तलाश शुरू की। बच्चों की मां को परिसर में उनके कपड़े मिले थे, जिससे लगा कि वे कपड़े उतारकर कहीं खेलने चले गए होंगे, जिसके चलते परिजनों ने गांव में आयोजित एक शादी समारोह में भी उनकी खोजबीन की।
देर शाम जब बच्चों का कोई सुराग नहीं लगा तो गोशाला के कर्मचारियों ने पानी से भरे गड्ढों में तलाश की, जहां से दोनों बच्चों के शव बरामद हुए। दोनों भाइयों के शव बाहर निकाले जाने के बाद परिवार में कोहराम मच गया। इसके बाद घटना की जानकारी तुरंत स्थानीय पुलिस को दी गई।
सूचना पाकर थाना बड़ी की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर सोनीपत के नागरिक अस्पताल भिजवाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और परिजनों के बयानों व सुरक्षा मानकों की अनदेखी के पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
लेखक



टिप्पणियाँ
0