उत्तर प्रदेश से दिल्ली आने वाले रेल यात्रियों को राहत, शकूरबस्ती तक बढ़ाई गईं दो स्पेशल ट्रेनें
प्रयागराज और नारायणपुर बाजार से दादरी तक चलने वाली विशेष ट्रेनों का विस्तार अब दिल्ली के शकूरबस्ती स्टेशन तक किया गया है।

उत्तर मध्य रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए उत्तर प्रदेश से चलने वाली दो विशेष ट्रेनों के मार्ग में विस्तार किया है। प्रयागराज-दादरी और नारायणपुर बाजार-दादरी स्पेशल ट्रेनें अब राष्ट्रीय राजधानी के शकूरबस्ती रेलवे स्टेशन तक संचालित की जाएंगी। इस विस्तार से यात्रियों को सीधे दिल्ली तक आने-जाने की सुविधा मिलेगी।
उत्तर मध्य रेलवे के जनसंपर्क अधिकारी अमित कुमार सिंह ने बताया कि इस नए फैसले के बाद यात्रियों को दिल्ली जाने के लिए दादरी में उतरने की बाध्यता समाप्त हो जाएगी। इस व्यवस्था के लागू होने से अलीगढ़, कानपुर, इटावा और हाथरस समेत आसपास के कई जिलों के लोगों को सीधा लाभ पहुंचेगा।
अधिकारियों के अनुसार, ट्रेन संख्या 02417/02418 अब प्रयागराज से शकूरबस्ती के बीच चलेगी। वहीं दूसरी ट्रेन संख्या 04163/04164 का परिचालन नारायणपुर बाजार और शकूरबस्ती के मध्य किया जाएगा। मार्ग विस्तार के साथ ही दोनों ट्रेनों का ठहराव अलीगढ़ स्टेशन पर भी निर्धारित किया गया है।
इन दोनों विशेष ट्रेनों का संचालन 15 अक्तूबर से लेकर 17 दिसंबर तक अलग-अलग निर्धारित दिनों में किया जाएगा। रेलवे द्वारा तय समय सारणी के मुताबिक, गाड़ी संख्या 02417/02418 सप्ताह में चार दिन और गाड़ी संख्या 04163/04164 सप्ताह में तीन दिन संचालित होगी।
ट्रेनों के सीधे शकूरबस्ती तक चलने से दिल्ली आने-जाने वाले दैनिक यात्रियों को बड़ी राहत मिलेगी। विशेष रूप से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों और व्यापारियों के लिए यह सीधी रेल सेवा काफी सुविधाजनक साबित होगी।
लेखक




टिप्पणियाँ
0