Saturday, April 27, 2024
spot_img
Homeदिल्ली NCRDelhi Cold Wave : दिल्ली में शीतलहर छह दिन ढाएगी सितम, 3...

Delhi Cold Wave : दिल्ली में शीतलहर छह दिन ढाएगी सितम, 3 से 4 डिग्री रहेगा तापमान; छाएगा घना कोहरा

 एक दो दिन की आंशिक राहत के बाद दिल्ली की सर्दी फिर सितम ढाने वाली है। अगले दो दिन जहां घना कोहरा परेशान करेगा वहीं इसके बाद नए साल में शीत लहर कंपकंपी छुड़ाएगी। न्यूनतम तापमान गिरकर तीन से चार डिग्री तक रह जाएगा।

दिल्ली दर्पण टीवी ब्यूरो 

नई दिल्ली । एक दो दिन की आंशिक राहत के बाद ”दिल्ली की सर्दी” फिर सितम ढाने वाली है। अगले दो दिन जहां घना कोहरा परेशान करेगा, वहीं इसके बाद नए साल में शीत लहर कंपकंपी छुड़ाएगी। न्यूनतम तापमान गिरकर तीन से चार डिग्री तक रह जाएगा। मौसम विभाग ने अगले छह दिनों के लिए यलो अलर्ट जारी कर दिया है।

इस बीच पश्चिमी विक्षोभ के असर से शुक्रवार को सर्दी से कुछ राहत रही। दिन में धूप खिली रही तो अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान भी सामान्य से अधिक दर्ज किए गए। अधिकतम तापमान सामान्य से दो डिग्री ज्यादा 22.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। न्यूनतम तापमान सामान्य से चार डिग्री अधिक 10.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज रहा। पिछले 15 दिनों में पहली बार यह न केवल दो अंकों में पहुंचा बल्कि इस माह का सर्वाधिक न्यूनतम तापमान भी रहा। हवा में नमी का स्तर 90 से 51 प्रतिशत रिकार्ड किया गया।
 

बर्फीली हवाएं उत्तर भारत में लाएंगी ठंड

मौसम विभाग ने कहा कि हिमालय से बर्फीली हवाएं उत्तर पश्चिम भारत के मैदानी इलाकों में न्यूनतम तापमान में तीन से पांच डिग्री सेल्सियस की कमी लाएंगी। अगले चार पांच दिनों के दौरान इस क्षेत्र में घना कोहरा जारी रहने की संभावना है। साथ ही उत्तर पश्चिम भारत में एक जनवरी से ताजा शीतलहर शुरू होने की संभावना है।


पश्चिमी विक्षोभ की वजह से मिली ठंड से राहत

एक दो दिन से उत्तर भारत में बनी हुई ठंड से राहत के लिए पश्चिमी विक्षोभ को मुख्य वजह बताया गया है। मौसम विज्ञानियों ने कहा कि पश्चिमी विक्षोभ के शनिवार तक पीछे हटने के साथ, जनवरी के शुरू में ही दिल्ली के कुछ हिस्सों में शीत लहर और कोल्ड डे वाली स्थिति उत्पन्न होने की भविष्यवाणी की गई है।

मौसम विभाग के अनुसार शनिवार को आंशिक रूप से बाछल छाए रहेंगे जबकि सुबह घना कोहरा होगा। अधिकतम एवं न्यूनतम तापमान क्रमश: 21 और आठ डिग्री रहने की संभावना है। रविवार से तापमान में लगातार गिरावट आएगी और अधिकतम तापमान 18 जबकि न्यूनतम चार डिग्री तक आ जाएगा।
 

दिल्ली में ”गंभीर” श्रेणी के करीब पहुंची हवा की गुणवत्ता

शुक्रवार को दिल्ली एनसीआर में प्रदूषण का स्तर फिर से बढ़ गया। दिल्ली में हवा की गुणवत्ता ”गंभीर” श्रेणी के करीब पहुंच गई। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) द्वारा जारी एयर क्वालिटी बुलेटिन के अनुसार दिल्ली का एयर इंडेक्स 399 दर्ज किया गया, जो ”बहुत खराब” श्रेणी में है, लेकिन ”गंभीर” श्रेणी से केवल एक ही अंक कम है।
 
एक दिन पहले दिल्ली का एयर इंडेक्स 306 दर्ज किया गया था। 24 घंटे के भीतर इसमें 93 अंकों की वृद्धि हो गई। एनसीआर के शहरों में फरीदाबाद का एयर इंडेक्स 346, गाजियाबाद का 336, ग्रेटर नोएडा का 374, गुरुग्राम का 348 व नोएडा का एयर इंडेक्स 344 दर्ज किया गया। इन सभी जगहों की हवा भी ”बहुत खराब” श्रेणी में दर्ज की गई। सफर इंडिया के अनुसार अगले तीन दिन तक हवा की गुणवत्ता में सुधार की कोई संभावना नहीं है।

RELATED ARTICLES

Most Popular

Recent Comments