पुंछ में नियंत्रण रेखा के पास सेना ने तीन बारूदी सुरंगें बरामद कर कीं नष्ट
जम्मू-कश्मीर के मेंढर और बालाकोट सेक्टरों में सेना ने गश्त के दौरान बारूदी सुरंगों का पता लगाकर उन्हें सुरक्षित तरीके से निष्क्रिय किया।

जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास सेना ने गुरुवार को तीन बारूदी सुरंगें बरामद की हैं। सेना के जवानों ने मेंढर और बालाकोट के अग्रिम इलाकों से इन विस्फोटकों को खोज निकाला। इसके बाद समय रहते सभी बारूदी सुरंगों को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया गया।
अधिकारियों के अनुसार, मेंढर क्षेत्र में बाड़ के निकट दो बारूदी सुरंगें पाई गई थीं। सेना के सतर्क जवानों ने इन्हें बसूनी टॉप इलाके से बरामद किया। इलाके में तलाशी और निगरानी के दौरान इन दोनों विस्फोटकों का पता चला था।
बसूनी टॉप पर दोनों बारूदी सुरंगों के मिलने के तुरंत बाद सेना का बम निरोधक दस्ता मौके पर पहुंचा। विशेषज्ञों की टीम ने आवश्यक सावधानी बरतते हुए दोनों सुरंगों को सुरक्षित तरीके से नष्ट कर दिया। इस त्वरित कदम से अग्रिम इलाके में संभावित खतरे को टाल दिया गया।
वहीं दूसरी घटना पुंछ के ही बालाकोट सेक्टर में सामने आई। अधिकारियों के मुताबिक, सेना के जवान बालाकोट के अग्रिम इलाके में नियमित गश्त पर तैनात थे। इसी गश्त के दौरान जवानों को जमीन में दबी एक बारूदी सुरंग का सुराग मिला।
बालाकोट में बारूदी सुरंग का पता चलने के बाद वहां भी सेना की बम निरोधक टीम को काम पर लगाया गया। इस विशेष टीम ने मौके पर पहुंचकर उस बारूदी सुरंग को भी सुरक्षित रूप से नष्ट कर दिया। इसके साथ ही दोनों अग्रिम इलाकों से बरामद की गई तीनों बारूदी सुरंगों को पूरी तरह से निष्क्रिय कर दिया गया।
लेखक




टिप्पणियाँ
0