फरीदाबाद: आगरा नहर में कूदने जा रही युवती को स्थानीय लोगों और पुलिस ने बचाया
फोन पर प्रेमी से विवाद के बाद आगरा नहर की दीवार पर खड़ी युवती को लोगों की सतर्कता से सुरक्षित बचाया गया।

फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र में धीरज नगर के पास आगरा नहर में छलांग लगाने पहुंची एक 24 वर्षीय युवती को स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से सुरक्षित बचा लिया गया। युवती नहर की दीवार पर खड़ी थी, तभी राहगीरों की नजर उस पर पड़ी। समय रहते उठाए गए कदम से एक बड़ा हादसा टल गया।
घटना आठ अक्टूबर की रात की बताई जा रही है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती संदिग्ध हालात में आगरा नहर की दीवार पर खड़ी थी। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत डायल-112 और स्थानीय पुलिस को इस मामले की जानकारी दी।
सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस के बाइक राइडर और डायल-112 की टीम मौके पर पहुंची। पुलिसकर्मियों ने स्थानीय नागरिकों के सहयोग से युवती को समझा-बुझाकर सुरक्षित दीवार से नीचे उतारा। इसके बाद उसे पल्ला थाने ले जाया गया।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक युवती की पहचान 24 वर्षीय मुस्कान के रूप में हुई है, जो मूल रूप से मेवला महाराजपुर की रहने वाली है। वह अपने माता-पिता से अलग राव निहाल अपार्टमेंट में किराए पर रह रही थी और सेक्टर-28 स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत है।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मुस्कान का बड़कल निवासी आरिफ नामक युवक से प्रेम प्रसंग चल रहा था। आठ अक्टूबर की रात फोन पर दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। इसी विवाद के बाद वह कथित तौर पर आत्महत्या के इरादे से पल्ला पुल के पास आगरा नहर पर पहुंच गई थी।
थाने में पूछताछ के बाद पुलिस ने युवती के परिजनों से संपर्क साधा। इसके बाद उसकी मां मुकेश को थाने बुलाया गया और आवश्यक औपचारिकताएं पूरी करने के बाद युवती को सुरक्षित उनके सुपुर्द कर दिया गया।
दूसरी ओर, पल्ला थाना प्रभारी सत्य प्रकाश ने इस पूरे घटनाक्रम को लेकर कहा कि उन्हें फिलहाल इस मामले की आधिकारिक जानकारी नहीं है। उन्होंने यह भी जोड़ा कि आगरा नहर के आसपास अक्सर इस तरह के हादसे सामने आते रहते हैं।
लेखक




टिप्पणियाँ
0