जंतर-मंतर पर प्रदर्शन से पहले सोनीपत और बहादुरगढ़ में सुरक्षा सख्त, कई नेता हिरासत में लिए गए
दिल्ली में प्रस्तावित प्रदर्शन को लेकर सोनीपत और आसपास के सीमावर्ती क्षेत्रों में पुलिस ने निगरानी बढ़ाई और नेताओं को हिरासत में लिया।

राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन के मद्देनजर शुक्रवार को सोनीपत और बहादुरगढ़ में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई। पुलिस प्रशासन ने कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए प्रमुख सड़कों, टोल प्लाजा, रेलवे स्टेशनों और सीमावर्ती इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया। इस दौरान दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों की गहन जांच की गई और संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखी गई।
सोनीपत में कुंडली-सिंघु बॉर्डर पर सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए। यहां किसी भी स्थिति से निपटने के लिए दंगा-रोधी वाहन, वाटर कैनन, आंसू गैस के उपकरण, एंबुलेंस और दमकल की गाड़ियां तैनात रखी गईं। पुलिसकर्मियों ने दिल्ली जा रहे निजी वाहनों व बसों को रोककर यात्रियों से पूछताछ की और जरूरी दस्तावेजों की जांच के बाद ही आगे बढ़ने दिया। इसके अलावा सोनीपत-मुरथल टोल प्लाजा पर भी अतिरिक्त बल, क्रेन और बसें तैनात की गईं।
प्रस्तावित प्रदर्शन में हिस्सा लेने जा रहे कई नेताओं और कार्यकर्ताओं के खिलाफ पुलिस ने कार्रवाई की। सोनीपत रेलवे स्टेशन पर प्रदर्शन करने पहुंचे कांग्रेस कार्यकर्ताओं को पुलिस ने हिरासत में ले लिया, जिसके चलते स्टेशन परिसर में सुरक्षा बल मुस्तैद रहा। वहीं गन्नौर में किसान नेता वीरेंद्र पहल और उनके कई अन्य सहयोगियों को भी एहतियातन हिरासत में लिए जाने की खबर है।
बहादुरगढ़ में भी पुलिस ने टीकरी बॉर्डर, झरोदा बॉर्डर, अर्बन एक्सटेंशन रोड और रोहद टोल प्लाजा पर विशेष चेकपॉइंट बनाए। निगरानी के लिए सीसीटीवी कैमरों का सहारा लिया गया और सीमा पर केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की टुकड़ी भी तैनात की गई। सुरक्षाकर्मी सुबह से देर शाम तक विभिन्न संवेदनशील स्थानों और मुख्य मार्गों पर चौकसी बरतते रहे।
दूसरी तरफ, इनेलो नेता मोहित राठी जिला परिषद, रामनिवास सैनी और अधिवक्ता विपिन को सुबह कथित तौर पर नजरबंद कर दिया गया। ये सभी अपने समर्थकों के साथ जंतर-मंतर पर आयोजित प्रदर्शन में भाग लेने की तैयारी में थे। विभिन्न सीमाओं पर लगातार चेकिंग के चलते दिल्ली जाने वाले दैनिक यात्रियों को कई स्थानों पर यातायात में देरी का सामना करना पड़ा।
लेखक



टिप्पणियाँ
0