मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना में स्कूल इनोवेशन काउंसिल के तहत करियर मार्गदर्शन शिविर आयोजित
मेपल्स एकेडमी में 10वीं और 12वीं के छात्रों को नवाचार, उद्यमिता और भविष्य के करियर विकल्पों की जानकारी दी गई।

मुजफ्फरनगर के बुढ़ाना स्थित मेपल्स एकेडमी में स्कूल इनोवेशन काउंसिल के अंतर्गत एक विशेष करियर मार्गदर्शन शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों को नवाचार, उद्यमिता, समस्या समाधान के कौशल और आगामी करियर संभावनाओं से रूबरू कराना था।
शिविर में क्वांटम यूनिवर्सिटी के ट्रेनिंग एंड प्लेसमेंट ऑफिसर डॉ. पुष्पेंद्र मुख्य वक्ता और विशेषज्ञ के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने स्कूल के विद्यार्थियों के लिए अलग-अलग संवादात्मक सत्रों का संचालन किया।
सत्र के दौरान कक्षा 10 के विद्यार्थियों को अपनी रुचि, व्यक्तिगत योग्यता और क्षमताओं को पहचानने के तौर-तरीके समझाए गए। विशेषज्ञ ने उन्हें सही समय पर उपयुक्त करियर दिशा का चयन करने के लिए आवश्यक पहलुओं की जानकारी दी।
वहीं कक्षा 12 के छात्रों के लिए आयोजित सत्र में उच्च शिक्षा के विभिन्न विकल्पों और करियर की संभावनाओं पर विस्तार से चर्चा की गई। डॉ. पुष्पेंद्र ने छात्रों को अलग-अलग संस्थानों के चयन और उनमें उपलब्ध अवसरों के बारे में बताया।
सत्र के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी जिज्ञासाओं को लेकर विशेषज्ञ से सवाल पूछे और सक्रिय भागीदारी दर्ज कराई। यह पूरा आयोजन विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. गरिमा वर्मा और उपप्रधानाचार्य क्षितिज श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
लेखक




टिप्पणियाँ
0