बहादुर बेटी खुशी माहेश्वरी ने दिखाई मिसाल: स्नैचरों का पीछा कर दिलाई गिरफ्तारी, छीना गया iPhone 16 Pro भी बरामद
शालीमार बाग में iPhone 16 Pro छीनकर भागे बदमाशों का युवती ने खुद किया पीछा, पुलिस और लोगों की मदद से दोनों आरोपी गिरफ्तार; 3 अन्य चोरी के मोबाइल और चोरी की बाइक भी बरामद। स्कूटी से गिरकर घायल होने के बावजूद नहीं हारी हिम्मत, खुशी माहेश्वरी की बहादुरी से स्नैचिंग गैंग का पर्दाफाश हुआ और कई मामलों का खुलासा हो गया।

- राजेंद्र स्वामी , दिल्ली दर्पण
नई दिल्ली। राजधानी दिल्ली में एक युवती ने साहस, सूझबूझ और हिम्मत का ऐसा परिचय दिया, जिसकी हर ओर चर्चा हो रही है। मोबाइल स्नैचिंग का शिकार बनने के बाद भी 24 वर्षीय खुशी माहेश्वरी ने हार नहीं मानी। मामूली चोट लगने के बावजूद उन्होंने अपनी स्कूटी से दो स्नैचरों का पीछा किया और आखिरकार पुलिस व आम लोगों की मदद से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करवा दिया। यह घटना 28 अक्टूबर 2026 की रात करीब 8:30 बजे की है। खुशी माहेश्वरी अशोक विहार में अपनी कक्षाएं समाप्त कर स्कूटी से घर लौट रही थीं। जब वह शालीमार बाग मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास पहुंचीं, तभी मोटरसाइकिल सवार दो बदमाश उनके पास आए। पीछे बैठे आरोपी ने उनका हाथ मरोड़ते हुए झटका दिया और उनका एप्पल iPhone 16 Pro छीन लिया। अचानक हुए हमले से खुशी सड़क पर गिर गईं और उन्हें मामूली चोटें आईं।
चोट लगी, फिर भी नहीं मानी हार
घटना के बाद अधिकांश लोग डर जाते, लेकिन खुशी माहेश्वरी ने असाधारण साहस दिखाया। उन्होंने तुरंत "चोर-चोर" का शोर मचाया और अपनी स्कूटी से दोनों बदमाशों का पीछा शुरू कर दिया। बदमाश रिंग रोड फ्लाईओवर से मुकुंदपुर की ओर भाग रहे थे। ट्रैफिक के कारण उनकी मोटरसाइकिल की रफ्तार धीमी हुई तो खुशी ने उन्हें रोकने की कोशिश की।
इस दौरान आरोपियों ने उनकी स्कूटी को धक्का देकर दोबारा गिराने की कोशिश भी की, लेकिन उन्होंने पीछा नहीं छोड़ा। आखिरकार दोनों वाहन सड़क पर गिर गए। मौके पर मौजूद लोगों ने एक आरोपी को पकड़ लिया, जबकि दूसरा फ्लाईओवर से नीचे कूदकर भागने लगा। वहां मौजूद पुलिसकर्मी ने उसका पीछा कर उसे भी दबोच लिया।
खुशी की बहादुरी से खुला स्नैचिंग गैंग का राज
पुलिस ने दोनों आरोपियों की तलाशी ली तो खुशी का छीना गया एप्पल iPhone 16 Pro बरामद हो गया। इसके अलावा तीन अन्य मोबाइल फोन भी मिले। जांच में दो मोबाइल फोन अलग-अलग चोरी के मामलों से जुड़े पाए गए, जबकि तीसरे मोबाइल के बारे में आरोपियों ने खुलासा किया कि उसे भी उसी दिन मुकुंदपुर फ्लाईओवर से छीना गया था। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद की, जो पहले से चोरी की निकली।
दोनों आरोपी गिरफ्तार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान 19 वर्षीय समीर उर्फ खचरा, निवासी भलस्वा डेयरी तथा 19 वर्षीय मोहित उर्फ मोहिता, निवासी मुकुंदपुर पार्ट-2, दिल्ली के रूप में हुई है। थाना शालीमार बाग में एफआईआर संख्या 375/26 के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
पुलिस ने सराहा युवती का साहस :-
उत्तर-पश्चिम जिला पुलिस के अनुसार, खुशी माहेश्वरी ने जिस बहादुरी, सूझबूझ और हिम्मत का परिचय दिया, वह समाज के लिए प्रेरणादायक है। यदि उन्होंने साहस नहीं दिखाया होता, तो दोनों आरोपी फरार हो सकते थे। उनकी तत्परता और निडरता की बदौलत न केवल उनका मोबाइल वापस मिला, बल्कि कई अन्य स्नैचिंग और चोरी के मामलों का भी खुलासा हो गया।
खुशी माहेश्वरी की यह बहादुरी बताती है कि संकट की घड़ी में साहस, सतर्कता और त्वरित निर्णय कई बार अपराधियों को कानून के शिकंजे तक पहुंचा सकते हैं।
लेखक




टिप्पणियाँ
0