भरतपुर: निवेश दोगुना करने का झांसा देकर लाखों ठगने वाला 5 हजार का इनामी 8 साल बाद गिरफ्तार
भरतपुर के बयाना में पॉलिसी रकम दोगुनी करने के नाम पर 9.50 लाख रुपये की ठगी करने वाले इनामी आरोपी को पुलिस ने भीलवाड़ा से दबोचा।

भरतपुर जिले की बयाना पुलिस ने निवेशकों के साथ धोखाधड़ी कर फरार चल रहे एक इनामी बदमाश को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी पर पांच साल में निवेश की रकम दोगुनी करने का झांसा देकर लाखों रुपये हड़पने का आरोप है। पुलिस ने आरोपी को राजस्थान के भीलवाड़ा से दबोचा है, जिस पर पांच हजार रुपये का इनाम घोषित था।
पुलिस के अनुसार पकड़ा गया आरोपी ओमप्रकाश गुर्जर लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ स्थायी वारंट जारी था। पुलिस टीम बुधवार देर शाम उसे भीलवाड़ा से लेकर बयाना पहुंची। अधिकारियों ने बताया कि आरोपी पर पूर्व से चार अलग-अलग मामले दर्ज हैं और उसे गुरुवार को संबंधित अदालत में पेश किया जाएगा।
बयाना थानाधिकारी रामगिलास गुर्जर ने बताया कि इस संबंध में 13 मार्च 2018 को शेरगढ़ निवासी रामलाल गुर्जर ने शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के मुताबिक 'भारतीय सनशाइन डवलपर्स बिल्ड कॉर्पोरेशन लिमिटेड' नामक कंपनी ने वर्ष 2014 में बयाना के गणेशी मार्केट में अपना दफ्तर खोला था। कंपनी के प्रतिनिधियों ने स्थानीय लोगों को निवेश पर भारी मुनाफे का प्रलोभन दिया था।
झांसे में आकर पीड़ित रामलाल ने कंपनी में लगभग 9.50 लाख रुपये की कई पॉलिसियां ले ली थीं। निवेश कराने के कुछ समय बाद कंपनी ने अचानक बयाना स्थित अपना कार्यालय बंद कर दिया। जब निवेशकों ने पड़ताल की तो कंपनी का जयपुर स्थित मुख्य कार्यालय भी बंद मिला और संचालक निवेशकों की गाढ़ी कमाई लेकर फरार हो चुके थे।
मामले की जांच के दौरान पुलिस को कंपनी के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स में ओमप्रकाश गुर्जर समेत चार लोगों के शामिल होने की जानकारी मिली थी। इसके बाद से ही पुलिस उसकी तलाश कर रही थी। अंततः जिला विशेष टीम (डीएसटी) के सहयोग से बयाना पुलिस ने आरोपी के भीलवाड़ा में छिपे होने की सूचना पर दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया।
लेखक



टिप्पणियाँ
0